सरगुजा

कोरजा धान उपार्जन केंद्र के विरोध में सडक़ पर उतरे किसान, चक्काजाम
16-Nov-2026 8:17 PM
कोरजा धान उपार्जन केंद्र के विरोध में सडक़ पर उतरे किसान, चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,16 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में कोरजा (बिनकरा) धान उपार्जन केंद्र को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को बड़ी संख्या में किसानों ने अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लहपटरा गांधी चौक में चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों की मांग है कि निम्हा धान उपार्जन केंद्र को पूर्ववत संचालित रखा जाए अथवा उनकी सुविधा के अनुसार नया धान खरीदी केंद्र खोला जाए। अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं होने से किसान असंतुष्ट नजर आए।

इस संबंध में नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल ने बताया कि नए धान खरीदी केंद्र बिनकरा (कोरजा) के विरोध के साथ ही धान का रकबा कम दर्ज होने और धान की जगह अन्य फसल प्रदर्शित होने जैसी समस्याओं को लेकर किसानों ने ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि यह शासन स्तर का मामला है। इस संबंध में दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं, जिन्हें प्राप्त कर आगे शासन को भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, किसानों ने पूर्व में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर चक्काजाम की सूचना दी थी। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे किसान सडक़ पर उतर आए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

किसानों का कहना है कि नए कोरजा (बिनकरा) उपार्जन केंद्र में धान बेचने के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, पटवारियों की हड़ताल के चलते एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन और अप्रूवल की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में उपार्जन केंद्र बदलने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

चक्काजाम की सूचना पर पुलिस प्रशासन पहले से मुस्तैद रहा। नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन किसान अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। किसानों का आरोप था कि उन्हें स्पष्ट जानकारी देने के बजाय गोलमोल जवाब दिया जा रहा है और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जनपद सदस्य प्रतिनिधि धर्मेंद्र झारिया सहित किसानों ने कहा कि धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन उपार्जन केंद्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में किसान असमंजस में हैं कि वे किस केंद्र में पंजीयन कराकर धान बेचें। किसानों ने प्रभावित किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग भी की, ताकि सभी किसान समय पर पंजीयन करा सकें।


अन्य पोस्ट