सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 नवंबर। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोधनपुर चौक के पास चोरों ने एक ही दिन दो अलग-अलग मकानों को निशाना बनाया। चोरों ने एक शिक्षक समेत दो परिवारों के सूने मकानों के ताले तोडक़र सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। दोनों वारदातों को 15 नवंबर की शाम करीब 4 से 7 बजे के बीच अंजाम दिया गया।
गोधनपुर चौक के पास रहने वाले शिक्षक मनोज सिंह (49) के मकान को चोरों ने अपना पहला निशाना बनाया। मनोज सिंह बलरामपुर जिले में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। 15 नवंबर को शाम करीब 4 से 7 बजे के बीच वे परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया। घर के कमरों और अलमारियों को खंगालते हुए चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर परिवार को घर का सामान बिखरा और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। जांच करने पर सोने के आभूषण और नकदी गायब मिले।
इसी तरह दूसरी वारदात में गोधनपुर चौक के पास ही रहने वाले संजय कुमार प्रसाद (56) के मकान को निशाना बनाया गया। संजय कुमार निजी काम करते हैं। 15 नवंबर की शाम करीब 4 बजे से 7 बजे के बीच वे भी परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। घर सूना पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर कमरों में रखी अलमारियों को खंगाल डाला। चोर सोने की चेन, अंगूठियां, लॉकेट, चांदी की पायल सहित अन्य आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।दोनों पीडि़तों ने गांधीनगर थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मकानों से चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
अब पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
नशेडिय़ों के जमावड़े वाली दिशा में गया खोजी कुत्ता
दोनों मकानों में चोरी की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि डॉग स्क्वायड का खोजी कुत्ता घटनास्थल से जिस दिशा में आगे बढ़ा, उस ओर नशेडिय़ों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरी की इस वारदात में नशेडिय़ों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, चोरी में उनकी संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।