सरगुजा
आज डूबते सूर्य को अघ्र्य देकर मांगी जाएगी परिवार की सुख-समृद्धि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 नवंबर। लोक आस्था का महापर्व छठ अब पूरे उल्लास और भक्तिभाव के साथ अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। सूर्य उपासना और छठी मइया की आराधना के इस कठिन पर्व को लेकर शहर से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
शनिवार को छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रती महिलाओं ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और घाट बंधान की परंपरा निभाई। सुबह से ही शहर के प्रमुख तालाबों और नदी घाटों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ती रही। सिर पर पूजन सामग्री और हाथों में आस्था का दीप लिए महिलाएं छठी मइया के जयकारे लगाते हुए घाटों तक पहुंचीं। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
मां महामाया छठ सेवा समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी ने बताया कि शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी। दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई गई। इसके तहत व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य तथा छठी मइया को खीर का भोग अर्पित किया। इसके बाद प्रसाद स्वरूप खीर और भोजन ग्रहण कर निर्जला व्रत का संकल्प लिया। खरना के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया।
शहर के शंकर घाट स्थित छठ घाट, पैलेस घाट, खर्रा नदी, जेल तालाब, मरीन ड्राइव सहित अन्य जलाशयों में सुबह से ही घाट बंधान के लिए महिलाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। महिलाओं ने घाटों पर पहुंचकर पूजा की जगह निर्धारित की और विधि-विधान से घाट बंधान की रस्म पूरी की। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी पूजन सामग्री और व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए। कई स्थानों पर परिवार के लोग एक साथ पहुंचकर छठी मइया की आराधना में जुटे रहे।
छठ महापर्व की सबसे विशेष बात इसकी कठिन साधना और अटूट आस्था है। इस पर्व में व्रती महिला और पुरुष अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं। भगवान सूर्य को जीवन, ऊर्जा और आरोग्य का प्रतीक मानकर उनकी उपासना की जाती है। छठी मइया के प्रति श्रद्धा और विश्वास के साथ व्रती पूरे नियम-संयम से इस कठिन व्रत को संपन्न करते हैं।
रविवार को छठ महापर्व का सबसे महत्वपूर्ण दिन होगा। इस दिन शहर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमडऩे की संभावना है। शाम को व्रती जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित करेंगे। इस दौरान छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। घाटों पर परिवार के सदस्य भी पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा लेकर पहुंचेंगे।
वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अघ्र्य अर्पित करने के बाद व्रती महिलाएं विधिवत पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन करेंगी।
हर वर्ष छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और सहभागिता बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। शनिवार को प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तैनाती रही। रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सूर्य उपासना के इस महापर्व को संपन्न कर सकें।