सरगुजा

लखनपुर के सीएमओ से गाली-गलौज और हाथापाई, पान ठेले में घुसकर बचाई जान
14-Nov-2026 10:18 PM
लखनपुर के सीएमओ से गाली-गलौज और हाथापाई, पान ठेले में घुसकर बचाई जान

नपं उपाध्यक्ष के पति पर मारपीट करने का आरोप, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,14 नवंबर। नगर पंचायत लखनपुर में पिछले दो वर्षों से चल रही शिकायतों और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति अब सडक़ पर मारपीट तक पहुंच गई है।

नगर पंचायत में निर्माण कार्यों और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं उनके पति द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों और सीएमओ की ओर से दिए जा रहे जवाबों के बीच विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। शुक्रवार को नगर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में मुख्य नगर पालिका अधिकारी विद्यासागर चौधरी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में नगर पंचायत उपाध्यक्ष के पति सनी बंसल पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

आगामी छठ पर्व को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी विद्यासागर चौधरी नगर में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले थे। इसी दौरान प्रतीक्षा बस स्टैंड में नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा बंसल के पति सनी बंसल और सीएमओ के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के साथ मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि सनी बंसल ने सीएमओ के साथ मारपीट की, जिसके बाद सीएमओ ने पास स्थित पान ठेले में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई।

घटना के बाद दोनों पक्ष लखनपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आवेदन सौंपा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों और वास्तविक स्थिति की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

कर्मचारियों में आक्रोश, हड़ताल की बनी स्थिति

सीएमओ के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट की घटना के बाद नगर पंचायत के कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। कर्मचारियों द्वारा हड़ताल और प्रदर्शन की तैयारी की जा रही थी। इससे नगर पंचायत का कामकाज प्रभावित होने की आशंका बन गई थी। बताया जा रहा है कि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के समझाइश देने के बाद किसी तरह कर्मचारियों का आक्रोश शांत हुआ और मामला तत्कालिक रूप से शांत हो सका।


अन्य पोस्ट