सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 नवंबर। अंबिकापुर शहर के पंजाब गार्डन के पीछे 6 कुत्ते के बच्चों को बेरहमी से मारकर जलाने और बोरी में भरकर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना 13 नवंबर को शाम करीब 4.30 बजे की बताई जा रही है।
मामले को लेकर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, अज्ञात लोगों ने 6 बेजुबान पिल्लों को बेरहमी से मारने के बाद बोरी में भरकर जला दिया। घटना से इलाके के पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। शेल्टर संस्थापक सुधांशु शर्मा ने पुलिस के संज्ञान में इस मामले को लाया है और घटना के जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि बेजुबान जानवर भी दर्द महसूस करते हैं। उनके साथ ऐसी बर्बरता न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। इस पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।