सरगुजा
भाषण, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जनजातीय स्वाभिमान का संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 नवंबर। महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) के उपलक्ष्य में माउंट लिटेरा जी स्कूल में 13 नवंबर को विशेष प्रात:कालीन सभा का आयोजन किया गया। जनजातीय गौरव दिवस के अग्रिम उत्सव के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए जनजातीय संस्कृति एवं विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य ढोल की थाप के साथ हुआ, जिसकी प्रस्तुति भव्य तायल ने दी। इसके बाद अक्षत सोनी ने सभा का संचालन किया। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर नेहल साहू ने अंग्रेजी तथा प्रणिका दुबे ने हिंदी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन और उनके प्रसिद्ध नारे ‘अबुआ दिशोम, अबुआ राज’ के माध्यम से जनजातीय स्वाभिमान और स्वतंत्रता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ध्रुव शुक्ला ने सामान्य ज्ञान से जुड़े रोचक प्रश्न प्रस्तुत किए, वहीं न्याशा तिवारी और आर्या सिंह ने प्रश्नोत्तरी संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया। दिन का सुविचार भव्य तायल ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा पांचवीं के विद्यार्थी प्रतीक खाखा रहे, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा का वेश धारण कर उनके व्यक्तित्व को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने, अपनी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।