सरगुजा
नशामुक्त गांव बनाने ग्रामीणों ने लिया संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,13 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टपरकेला खुर्द में शराबबंदी को लेकर ग्राम सभा में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से गांव में शराबबंदी लागू करने का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि अब गांव में न तो शराब बनाई जाएगी और न ही इसकी बिक्री व सेवन को बढ़ावा दिया जाएगा। गांव में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाल लोगों को जागरूक किया गया साथ ही नशा से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच महेश्वरी सिंह, सचिव, उपसरपंच जगत राम, सरपंच प्रतिनिधि कुश कुमार सिंह, अशोक सिंह, नारायण सिंह, अमित चंद्रमान सिंह सहित पंचायत के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए जुर्माने का भी प्रावधान किया गया। इसके तहत अवैध रूप से शराब बनाकर बेचने वालों पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड निर्धारित किया गया है। वहीं शराब पीकर गांव में घूमने या झगड़ा-विवाद करने पर 2 हजार रुपये का दण्ड लगाने का निर्णय लिया गया। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को पकड़वाने वाले को 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा शराब सेवन करते पहली बार पकड़े जाने पर 1500 रुपये का जुर्माना और समझाइश दी जाएगी। दोबारा पकड़े जाने पर 3000 रुपये का अर्थदण्ड लगाया जाएगा। इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि क्रमश: बढ़ती रहेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि शराबबंदी का यह फैसला गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। नशे के कारण परिवारों में होने वाले विवाद और सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के उद्देश्य से अब ग्रामीण मिलकर गांव में निगरानी करेंगे।
ग्राम सभा के इस फैसले को गांव में नशामुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि सभी के सामूहिक सहयोग से टपरकेला खुर्द को नशामुक्त, स्वच्छ और खुशहाल गांव बनाया जाएगा।