सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 5 नवंबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड और उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निम्हा-दमाउकुंड के जंगल में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से डंप किया गया भारी मात्रा में कोयला मिला है।
जंगल के भीतर शासकीय भूमि पर कोयले का अवैध भंडारण मिलने से इसके अवैध उत्खनन, परिवहन और राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौके पर बड़े वाहनों के पहियों के निशान भी पाए गए हैं, जिससे रात के समय बड़े वाहनों से कोयले के परिवहन का अंदेशा लगाया जा रहा है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक तौर पर कोयला बाइकर्स गैंग द्वारा जमा किए जाने की बात सामने आई है और इसे जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की सूचना उदयपुर थाना पुलिस और लखनपुर तहसील कार्यालय को दे दी गई है।
फिलहाल कोयले के वास्तविक स्रोत, मालिक और परिवहन में संलिप्त लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस, राजस्व विभाग और वन विकास निगम द्वारा मामले की जांच और कार्रवाई प्रतीक्षित है।