सरगुजा
पांच प्रमुख मार्गों पर चारपहिया-तिपहिया वाहनों की नो-एंट्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए सरगुजा पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर शहर में बड़ी संख्या में लोगों के खरीदारी के लिए पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने पांच प्रमुख मार्गों पर तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ शहर में आठ पार्किंग स्थलों का निर्धारण किया है। यातायात पुलिस का अमला इन दोनों दिनों में प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर तैनात रहेगा।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर त्योहार के दौरान जाममुक्त यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करना और आम नागरिकों को खरीदारी के दौरान आवागमन में परेशानी से बचाना है।
इन पांच मार्गों पर तीन और चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री
यातायात एडवाइजरी के अनुसार देव होटल से महामाया चौक की ओर, अग्रसेन चौक से थाना चौक की ओर, ब्रह्म मंदिर मोड़ से संगम चौक की ओर, थाना चौक से महामाया चौक की ओर तथा गुदरी चौक से संगम चौक की ओर तीनपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों पर वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा।पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए हैं।
गांधी चौक और घड़ी चौक की ओर आने वाले चारपहिया वाहनों के लिए कलाकेन्द्र मैदान (पी-1) में पार्किंग रहेगी। इसी क्षेत्र में आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए निशांत मेडिकल के बगल स्थित नगर निगम पार्किंग (पी-2) और चित्र मंदिर पार्किंग (पी-8) निर्धारित की गई है।
अग्रसेन चौक और नया बस स्टैंड से पूनम लॉज चौक की ओर आने वाले वाहनों को पुराना बस स्टैंड (पी-3) में खड़ा करना होगा। गुदरी चौक से गुरुनानक चौक, थाना चौक और पुलिस लाइन की ओर आने वाले वाहनों के लिए मल्टीपरपज मैदान (पी-6) में पार्किंग रहेगी।
इसी तरह अग्रसेन चौक और सद्भावना चौक से सदर रोड एवं महामाया चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए बरेज तालाब के बगल (पी-4) में पार्किंग निर्धारित की गई है। महामाया चौक और थाना चौक की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों को नगर निगम स्कूल (पी-5) में खड़ा करना होगा। वहीं संगम चौक, शर्मा फर्नीचर, गुदरी बाजार और जोड़ा पीपल की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए मानसून एग्रो पार्किंग (पी-7) निर्धारित की गई है।
मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी यातायात एडवाइजरी का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें। मुख्य मार्गों और वैकल्पिक रास्तों पर बेतरतीब पार्किंग करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने त्योहार के दौरान सुरक्षित और सुगम आवागमन बनाए रखने में आम जनता से सहयोग की अपील की है।