सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर। माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल परिसर में दीपावली उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने 12 आकर्षक चलित झांकियों के माध्यम से संपूर्ण रामायण की प्रमुख घटनाओं का जीवंत चित्रण किया। विशेष रूप से भगवान श्रीराम के वनवास से लौटकर अयोध्या आगमन की झांकी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं सुंदरकांड पाठ और मंत्रोच्चार से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनोद अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में दितेश रॉय उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित एवं अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत 12 मनमोहक चलित झांकियां रहीं। इन झांकियों में रामायण के विभिन्न प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य ने विशेष आकर्षण बिखेरा। झांकियों के माध्यम से मर्यादा, धर्म, सत्य और आदर्श जीवन के संदेश को प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों द्वारा निरंतर सुंदरकांड का पाठ और मंत्रोच्चार किया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के निर्देशक दीपेश गुप्ता ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता पर सभी को बधाई दी। अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मकता की प्रशंसा की। वहीं प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने कार्यक्रम की भव्यता और सुव्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी।