सरगुजा

मतांतरण का आरोप, विहिप ने थाने में दी शिकायत
05-Nov-2026 8:57 PM
मतांतरण का आरोप, विहिप ने थाने में दी शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 5 नवंबर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में प्रलोभन देकर मतांतरण कराने का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू परिषद ने उदयपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर सरगुजा और पुलिस महानिदेशक को भी भेजी गई है।

 विहिप के प्रखंड अध्यक्ष हरिओम सोनी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, सायर, केदमा और पटकुरा क्षेत्र के 4 व्यक्ति लंबे समय से लखनपुर तथा उदयपुर के गांवों में चंगाई सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

 संगठन ने इसे छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 विहिप ने शिकायत में आशंका जताई है कि इन गतिविधियों के पीछे संगठित नेटवर्क काम कर रहा है, जिसकी जांच सीआईडी या एनआईए से कराए जाने का अनुरोध प्रशासन से किया गया है।


अन्य पोस्ट