सरगुजा
पश्चिम बंगाल से बंदी
अंबिकापुर, 4 नवंबर। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने और रेप करने के मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीडि़ता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता गर्भवती है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को नाबालिग पीडि़ता अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जानकारी जुटाई। इसके आधार पर एक पुलिस टीम पश्चिम बंगाल रवाना की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी सुजाय मंडल के कब्जे से नाबालिग पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया।
पीडि़ता से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने पीडि़ता को अपने पास रखकर रेप किया। पुलिस के मुताबिक, पीडि़ता गर्भवती भी है। इसके बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपी सुजाय मंडल पश्चिम बंगाल से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।