सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 नवंबर। ओरिएण्टल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि एवं भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न सजावट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्री-प्राइमरी विंग के नन्हे विद्यार्थियों के लिए दीया डेकोरेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के सुंदर संयोजन से साधारण दीयों को आकर्षक रूप प्रदान किया। वहीं प्राइमरी विंग के विद्यार्थियों के लिए रंगोली एवं थाली डेकोरेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों, फूलों, सजावटी सामग्रियों और पारंपरिक कलात्मक डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आई. ए. खान सूरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।