सरगुजा

छत्तीसगढ़ को विकास के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने राज्य शासन कर रही है काम -कृषि मंत्री नेताम
03-Nov-2026 8:30 PM
छत्तीसगढ़ को विकास के सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने राज्य शासन कर रही है काम -कृषि मंत्री नेताम

 कला केंद्र मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का रंगारंग आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कला केंद्र मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृषि एवं आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री रामविचार नेताम ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। सरकार सडक़, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।  उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास के एक सशक्त मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने किसान सम्मान निधि, कृषक उन्नति योजना और महतारी वंदन योजना के माध्यम से नागरिकों को मिल रहे लाभों का उल्लेख किया।

विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि राज्य सरकार सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है, जिससे आवागमन और विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सहायता और सामग्रियां वितरित की गईं। पशुधन विकास विभाग- 2 हितग्राहियों को नर बकरा योजना के तहत चेक। कृषि विभाग- 5 हितग्राहियों को सॉइल हेल्थ कार्ड। मछली पालन विभाग- आइस बॉक्स और जाल। महिला एवं बाल विकास विभाग-हब और सखी निवास के अंतर्गत नियुक्ति पत्र। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग- प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी, एनआरएलएम के 11 समूहों को चेक तथा महतारी सदन की चाबी। समाज कल्याण विभाग- 5 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे।

राज्योत्सव के अवसर पर स्थानीय और आमंत्रित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छत्तीसगढ़ी गायिका आरु साहू और गायक स्वप्निल जायसवाल के गीतों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया।


अन्य पोस्ट