सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 नवंबर। माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, अंबिकापुर में विद्यार्थियों को जीवन के महत्व, मानवीय मूल्यों, सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘जीवन अनमोल है’ विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं वर्ष 2025 के माता बहादुर कलारिन सम्मान से सम्मानित शिल्पा पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्हें महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अत्याचारों के खिलाफ करीब 20 वर्षों से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सेवानिवृत्त महाप्रबंधक आई.बी. तिवारी, गांधीनगर थाना प्रभारी दिलीप दुबे तथा पुलिस विभाग से दीनदयाल राजपूत वरिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता एवं प्रतीक दीक्षित तथा अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडेय भी मौजूद रहे।
सेमिनार के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए जीवन के महत्व, व्यक्तिगत सुरक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा विपरीत परिस्थितियों में उचित निर्णय लेने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को अतिथियों से सीधे सवाल पूछने का अवसर भी मिला। अतिथियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी कठिन परिस्थिति में उचित मार्गदर्शन लेने की सलाह दी गई।
विद्यालय के निदेशकों एवं अकादमिक डायरेक्टर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के वास्तविक मूल्यों, अनुशासन, सुरक्षा और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना भी है।
विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय संध्या मैम और अरिजीत मैती ने किया। सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन की महत्ता समझने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया गया।