सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 नवंबर। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर सरगुजा जिले के 43 नागरिक गुजरात के एकतानगर से वापस लौट रहे हैं। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को राष्ट्रीय चेतना और मुख्यधारा से जोडऩे के उद्देश्य से 43 सदस्यीय दल को राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए भेजा गया था।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में सरगुजा जिले के लुंड्रा, धौरपुर, मैनपाट, उदयपुर, केदमा, बतौली और सीतापुर थाना-चौकी क्षेत्रों के चयनित नागरिक शामिल हुए। दल 28 अक्टूबर को विशेष ट्रेन से रवाना होकर 30 अक्टूबर को गुजरात के एकतानगर पहुंचा।
यात्रा के दौरान 30 अक्टूबर को दल के सदस्यों ने विश्व की सबसे ऊंची 182 मीटर की प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का भ्रमण किया और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नमन किया। इसी दिन शाम को देशभक्ति पर आधारित ‘मां ने फिर बुलाया है’ (आनंद मठ) नाट्य प्रस्तुति का आनंद लिया।
31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में भी दल के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान देश के विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस टुकडिय़ों के शौर्य, अनुशासन एवं कदमताल का प्रदर्शन देख नागरिक उत्साहित हुए। समारोह में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और शांति स्थापना के प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया। वहीं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल हुए सभी 43 सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों में सहभागिता से नागरिकों में राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दल के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।