सरगुजा

सरकारी जमीन को निजी बताकर बेचने का आरोप, एक बंदी, बाकी की तलाश
31-Oct-2026 8:46 PM
सरकारी जमीन को निजी बताकर बेचने का आरोप, एक बंदी, बाकी की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 अक्टूबर। शासकीय भूमि को कूटरचना के जरिए निजी भूमि दर्शाकर उसकी बिक्री करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कमलेश्वरपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमेश्वर सिंह ने थाना कमलेश्वरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि खसरा नंबर 1378 के वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में कूटरचना कर उसे निजी भूमि के रूप में दर्ज किया गया है। शिकायत की जांच में सामने आया कि उक्त खसरा नंबर वर्ष 1995-96 के बंदोबस्त अभिलेख में भी शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। यह भूमि छोटे झाड़ के जंगल मद में दर्ज पाई गई। इसके बावजूद वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में फर्जी तरीके से निजी भूमि की प्रविष्टि तैयार की गई थी।

जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े में तुलेश्वर गुप्ता सहित अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई। इसके आधार पर थाना कमलेश्वरपुर में धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी तुलेश्वर गुप्ता (50 वर्ष) ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

उसके विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही आगे की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट