सरगुजा
पूर्व युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी पर हुई चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 अक्टूबर। माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, अंबिकापुर में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और युवा सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव दानिश रफीक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान भटगांव युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ युवा बंग समाज के प्रदेश अध्यक्ष विक्की सम्मादार सहित अजहर और अमीर की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि दानिश रफीक ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए नेतृत्व क्षमता, युवा भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। वहीं, विक्की सम्मादार, अजहर और अमीर ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, अनुशासन अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने पूछे नेतृत्व और सफलता से जुड़े सवाल
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अतिथियों और विद्यार्थियों के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने नेतृत्व, युवा सशक्तिकरण, सफलता, सामाजिक जिम्मेदारी और समाज में युवाओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। प्रश्न पूछने वालों में प्रणिका दुबे, सत्यिकी मिश्रा, इरफान खान, आलिया अंसारी और हर्षिका गुप्ता प्रमुख रहे। अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचार साझा किए। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक के.पी. दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता और प्रतीक दीक्षित सहित अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडेय उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्य वर्षा अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, विचारशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय प्रबंधन ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय अरिजीत मैती ने किया। संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।