सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अक्टूबर। जनजातीय समाज के जननायक, प्रख्यात अभियंता एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी के अवसर पर गुरुवार को अंबिकापुर के कलाकेंद्र में आयोजित समारोह में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होकर प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा के प्रसार और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढिय़ों को समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर जनजातीय समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया और समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। लोकसभा सांसद के रूप में भी उन्होंने जनजातीय समुदाय के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक हितों और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इंजीनियरिंग कॉलेज का नामकरण बनेगा प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव स्वयं एक प्रतिभाशाली अभियंता थे। ऐसे में उनके नाम पर इंजीनियरिंग महाविद्यालय का नामकरण विशेष महत्व रखता है। इससे तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके संघर्ष, उपलब्धियों और समाज के प्रति समर्पण से प्रेरणा मिलेगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि विशेषकर जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की विरासत को सहेजना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। बाबा कार्तिक उरांव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय काका लरंग साय जैसे जननायकों का जीवन सामाजिक उत्थान, जनसेवा और जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए समर्पित रहा है।
सीतापुर को 28 करोड़ की फोरलेन सडक़
मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 3.82 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाने के कार्य का भूमिपूजन भी किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सडक़ निर्माण से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सडक़ संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार का प्रयास है कि अधोसंरचना विकास का लाभ बड़े शहरों के साथ छोटे नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचे।
पुलिस आवासीय भवनों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन तथा पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया। इनमें उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास, 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान कठिन परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। नए भवनों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
बस्तर में शांति और विकास को नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई संभावनाएं बनी हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों तथा सुरक्षाबलों के साहस से प्रभावित क्षेत्रों में सडक़, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, वन संपदा और औद्योगिक संभावनाओं से समृद्ध है। प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत यहां के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के साथ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को किया याद
समारोह में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन के माध्यम से जनजातीय समाज में नई चेतना पैदा की। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े एवं सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने शिक्षा की शक्ति से समाज को आगे बढऩे की प्रेरणा दी। सांसद चिंतामणि महाराज ने उनकी प्रतिमा के अनावरण और इंजीनियरिंग कॉलेज का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने सीतापुर को फोरलेन सडक़ सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के लिए भी धन्यवाद दिया।
कलाकेंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, महापौर मंजूषा भगत, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, रामलखन पैकरा,आलोक दुबे,अरुणा सिंह, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, उरांव समाज के अध्यक्ष आजाद भगत सहित समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।