सरगुजा
सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर को सौंपा आवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अक्टूबर। सरगुजा जिले में नेत्रदान को बढ़ावा देने और नेत्रदान करने वाले लोगों के नेत्रों को सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आई बैंक स्थापित करने की मांग की गई है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक कैलाश मिश्रा ने 27 अक्टूबर को सरगुजा कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।
आवेदन में कैलाश मिश्रा ने उल्लेख किया है कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुए लगभग 10 वर्ष होने जा रहे हैं। सरगुजा जिले में कई सेवाभावी लोग लगातार नेत्रदान कर रहे हैं, लेकिन जिले में आई बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण नेत्रदाताओं से प्राप्त नेत्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बिलासपुर भेजना पड़ता है। इसके लिए परिवहन और अन्य व्यवस्थाएं भी करनी पड़ती हैं।
उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में आई बैंक की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। आई बैंक की सुविधा उपलब्ध होने से नेत्रदान की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी और समय पर नेत्रों का उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर से जनहित और सेवाभावी लोगों की भावना को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में संचालित मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर में आई बैंक की स्थापना कराने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा को शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।