सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 अक्टूबर। सरगुजा जिले की कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के लिए म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दूसरे लोगों के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक में खाते खुलवाता था और इसके बदले प्रति खाता एक हजार रुपये लेता था। इन खातों का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में 14 लाख 17 हजार 49 रुपये की ऑनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में शामिल अन्य मोबाइल धारकों और सहयोगियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के आधार पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल्स और म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश मिले थे। जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि कथित तौर पर अवैध रकम के लेन-देन के लिए सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया था।
इस आधार पर कोतवाली थाने में धारा 318(4), 317(4) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित खाताधारकों के बयान दर्ज किए और सतीश कुमार भारती सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से एक व्यक्ति से परिचय होने के बाद उसके कहने पर अन्य लोगों के नाम से पंजाब नेशनल बैंक में खाते खुलवाने की बात स्वीकार की। इसके लिए वह प्रति खाता एक हजार रुपये लेता था।
इन खातों को मोबाइल नंबर से लिंक कराया जाता था।
पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन ठगी की कुल 14,17,049 रुपये की रकम के लेन-देन में किया गया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा खाताधारकों के मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और अस्पष्ट छायाप्रतियां दिए जाने पर साक्ष्य छिपाने से संबंधित धारा 238 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने बैंक पासबुक की छायाप्रतियां जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया।