सरगुजा

अंबिकापुर में 29 को बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा का अनावरण
27-Oct-2026 8:41 PM
अंबिकापुर में 29 को बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री साय और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव होंगे शामिल, जन्म शताब्दी समारोह पर शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,27 अक्टूबर। जनजातीय समाज के महान शिक्षाविद, समाज सुधारक और राष्ट्रीय नायक पंखराज साहेब बाबा कार्तिक उरांव के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 29 अक्टूबर को अंबिकापुर में भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा। बाबा कार्तिक उरांव जन्म शताब्दी समारोह आयोजन समिति और नगर पालिक निगम अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव सहित कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। समारोह में सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोगों के जुटने की संभावना है।

आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह और महामंत्री योगेश बापट भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सूर्यनारायण सूरी, राष्ट्रीय संरक्षक गणेश राम भगत तथा राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल और राजेश अग्रवाल शामिल होंगे।

समारोह में सांसद चिंतामणि महाराज और राधेश्याम राठिया, उत्तरी छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक उधेश्वरी पैकरा, शकुंतला सिंह पोर्ते और रेणुका सिंह, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, उरांव समाज सरगुजा के अध्यक्ष डॉ. आजाद भगत तथा रोशन प्रताप सिंह सहित जनजातीय समाज के विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

समारोह की शुरुआत 29 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कला केंद्र मैदान में जनजातीय समाज के लोगों के एकत्रीकरण के साथ होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे भव्य नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा कला केंद्र मैदान से शुरू होकर गांधी चौक, घड़ी चौक, संगम चौक, महामाया चौक, गुदरी चौक और जोड़ा पीपल चौक होते हुए बाबा कार्तिक उरांव चौक पहुंचेगी।

यहां अतिथियों द्वारा बाबा कार्तिक उरांव की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा पुन: कला केंद्र मैदान पहुंचेगी, जहां मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा।

मुख्य मंचीय कार्यक्रम का संचालन इंदर भगत करेंगे। इस दौरान जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही वक्ता बाबा कार्तिक उरांव के संघर्ष, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, सामाजिक स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और संवैधानिक अधिकारों पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम का समापन शाम 5 बजे होगा।

बाबा कार्तिक उरांव जन्म शताब्दी समारोह आयोजन समिति ने सरगुजा संभाग सहित प्रदेशभर के जनजातीय समाज, सामाजिक संगठनों, युवाओं और मातृशक्ति से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि यह आयोजन बाबा कार्तिक उरांव के विचारों, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट