सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 अक्टूबर। सोशल मीडिया पर नाबालिग बालक के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना को लेकर प्रार्थी ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, पीडि़त अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल चलाने की बात को लेकर युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए पीडि़त को नमनाकला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान की ओर ले जाकर मारपीट की। पीडि़त को बचाने पहुंचे उसके साथी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत के आधार पर गांधीनगर थाने में अपराध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 138, 191(2), 126, 296, 351(3) और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की। जांच के दौरान पांच विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचित करें।