सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 26 अक्टूबर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदों के आश्रित ग्राम घंटा डुगु में रहने वाले कई पहाड़ी कोरवा परिवार बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राशन कार्ड नहीं होने के कारण इन परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले सरकारी खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में उन्हें बाजार की दुकानों से पैसे देकर राशन खरीदना पड़ रहा है।
इस संबंध में लखनपुर एसडीएम रामराज सिंह से ‘छत्तीसगढ़’ ने फोन पर संपर्क किया गया। हालांकि, उनके बैठक में व्यस्त होने के कारण मामले पर चर्चा नहीं हो सकी।
आश्रित ग्राम घंटा डुगु में निवासरत शोभित कोरवा, अमरनाथ मानसाय सहित अन्य पहाड़ी कोरवा परिवार राशन कार्ड नहीं होने से परेशान हैं। इन परिवारों को सरकारी राशन नहीं मिल पा रहा है और बाजार से खाद्यान्न खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है।
ग्राम घंटा डुगु के प्रभावित पहाड़ी कोरवा परिवारों का आरोप है कि राशन कार्ड बनवाने के लिए उन्होंने सरपंच और सचिव से कई बार गुहार लगाई, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, हर बार आश्वासन मिलने के बावजूद राशन कार्ड नहीं बन सका। इसके चलते उन्हें सरकारी राशन से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सीमित आय और आर्थिक परेशानियों के बीच बाजार से खाद्यान्न खरीदना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद में वे लगातार जिम्मेदारों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आश्रित ग्राम घंटा डुगु में समस्याओं के निराकरण के लिए जनसमस्या निवारण शिविर भी लगाया गया था। इसके बावजूद कई पहाड़ी कोरवा परिवार आज भी शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाने की मांग
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए प्रशासन से मांग की जा रही है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और पात्र पहाड़ी कोरवा परिवारों के राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न मिल सके।
विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए योजनाएं संचालित होने के बावजूद इन परिवारों को राशन कार्ड जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भटकना पडऩा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
