सरगुजा
छात्राओं और कर्मियों ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। कार्यक्रम के पहले दिन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एजेन टोप्पो ने शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों और छात्राओं को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. अलका जैन ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सप्ताहभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने भ्रष्टाचार की रोकथाम और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के अखंड भारत के निर्माण में दिए गए योगदान को भी याद किया गया। वहीं, छात्राओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न स्लोगन तैयार किए।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत मंगलवार, 27 अक्टूबर को छात्राओं और महाविद्यालय के कर्मचारियों द्वारा वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाली गतिविधियों के माध्यम से ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।