सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की यंग इंडिया कलिनरी चैंपियनशिप (वाईआईसीसी)-2026 की क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी मुंबई रवाना हुए। प्रतियोगिता का आयोजन 27 अक्टूबर को भारतीय विद्यापीठ, मुंबई में किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी पाक कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित होगी, जिसमें ‘कुकिंग विद फायर’ और ‘कुकिंग विदाउट फायर’ शामिल हैं। विद्यालय की ओर से कुकिंग विद फायर श्रेणी में अदनान मलिक और अदाया पैंकरा, जबकि कुकिंग विदाउट फायर श्रेणी में भौमिक यादव और विद्योत्तमा पैंकरा हिस्सा लेंगे। दल के साथ प्रभारी शिक्षिका सईदा खानम भी गई हैं।
प्रतियोगिता की तैयारी के लिए विद्यार्थियों ने सरगवां स्थित द पैलेस रिजॉर्ट के एक्जीक्यूटिव शेफ गणेश प्रसाद के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें पाक कला की उन्नत तकनीकों, व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति और खाद्य पदार्थों की स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने का लक्ष्य
विद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. आईए खान सूरी ने प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी अपने हुनर, मेहनत और प्रशिक्षण के दम पर प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगे तथा विद्यालय और सरगुजा का नाम रोशन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाने में सफल होंगे।