सरगुजा
अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से डकैती और मोबाइल लूट में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन प्रताप पुरी अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव 12 मई की रात करीब 12 बजे कोलडीहा में शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12.40 बजे ग्राम घंघरी स्थित गेरवानी नाला के पास पहुंचे, तभी छह पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 से 12 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने जेब से पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी और उनका एक्वा कंपनी का मोबाइल लूटकर सकालो की ओर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर गांधीनगर थाना पुलिस ने 13 मई को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वैभव मिश्रा उर्फ राज मिश्रा, लवकुश कुमार, सुमित विश्वास और मनीष देवनाथ को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार मोबाइल और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना बताया था। इसके बाद से पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गांधीनगर पुलिस ने लगातार पतासाजी के बाद सचिन प्रताप पुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।