सरगुजा
स्मृति ईरानी पर भी कसा तंज, कहा- लगता है छत्तीसगढ़ से चुनाव लडऩे की तैयारी में हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण के तहत सोमवार को अंबिकापुर के राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि देश के विभिन्न राज्यों में मतदाताओं के नाम काटने और जोडऩे की प्रक्रिया संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे।
सिंहदेव ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 60 लाख मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां रात आठ से सुबह दो बजे के बीच 52 लाख मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें से 17 लाख मतों का मतदान रात 12 से 2 बजे के बीच होने का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि चार दिन बाद सामने आए चुनाव परिणामों ने भी कई सवाल खड़े किए हैं। उनके मुताबिक, ऐसी घटनाओं के कारण निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बिना आवेदन के 13 हजार मतदाताओं के नाम बदले जाने का भी दावा किया। सिंहदेव ने देशभर में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब होने की बात कहते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि चार-चार महीने तक आयोग की बैठकें नहीं होती हैं, तो निर्णय लेने की प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सिंहदेव ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर सिविल सोसाइटी और देश के युवाओं ने ‘ज्ञानेश कुमार गो बैक’ की मांग उठाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी दल विशेष की राजनीति का मामला नहीं, बल्कि निर्वाचन आयोग की नीतियों और उसकी कार्यप्रणाली से जुड़ा सवाल है।
चीन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंहदेव ने देश की सुरक्षा और विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मणिपुर में हिंसा जारी है, जबकि दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर अधिक जोर दिखाई देता है। इससे लोगों के मन में देश की आंतरिक और सीमाई सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने चीन के संदर्भ में कहा कि हाल ही में आईटीबीपी की ओर से चीन की सेना की बेहतर तैयारियों से संबंधित बयान का हवाला दिया गया था। सिंहदेव ने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के लोग लाइन ऑफ कंट्रोल से 50 से 60 किलोमीटर अंदर तक चीनी सैनिकों की मौजूदगी की बात कह रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार सीमा पर सब कुछ सामान्य होने का दावा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अमेरिका के दबाव में और चीन के सामने झुककर काम कर रही है। सिंहदेव ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के स्वागत में होर्डिंग और फूल-मालाओं से दूरी बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंहदेव ने व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ से चुनाव लडऩा चाहती हैं।
शक्कर की लगातार बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्मृति ईरानी से शक्कर के दाम पूछना चाहते हैं। स्मृति ईरानी को दो राज्यों का प्रभार सौंपे जाने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है। पार्टी के नेता अपना काम कर रहे हैं और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एआईसीसी ऑब्जर्वर देवाशीष पटनायक और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग भी मौजूद रहीं। इस दौरान सरगुजा संभाग में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। इसी क्रम में देवाशीष पटनायक ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने की तैयारी कर रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान सरगुजा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व मंत्री डॉ प्रेमसाय साय सिंह,कांग्रेसी नेता सफी अहमद,अजय अग्रवाल,राकेश गुप्ता,अनूप मेहता,शैलेंद्र प्रताप सिंह,आलोक सिंह, आशीष जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।