सरगुजा

सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे भूपेश- लक्ष्मी गुप्ता का स्वागत
25-Oct-2026 8:41 PM
सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे भूपेश- लक्ष्मी गुप्ता का स्वागत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अक्टूबर। सामाजिक न्याय सम्मेलन में शामिल होने प्रयागराज पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता का कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी गुप्ता का जन्मदिन भी मनाया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और शुभकामनाएं दीं।

लक्ष्मी गुप्ता का जन्मदिन कुछ दिन पहले था। दशहरे के कारण उस समय जन्मदिन समारोह में शामिल नहीं हो सके प्रयागराज और फाफामऊ क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आगमन पर दोबारा जन्मदिन मनाने का आग्रह किया। कार्यकर्ताओं के इस स्नेह और अपनत्व के बीच आयोजित कार्यक्रम ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर भूपेश बघेल ने स्वयं केक काटकर लक्ष्मी गुप्ता को खिलाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ नेता के इस आत्मीय व्यवहार से उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

लक्ष्मी गुप्ता ने भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेताओं का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा कि राजनीति में पद और जिम्मेदारियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का विश्वास, वरिष्ठों का मार्गदर्शन और जनता के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण है। उन्होंने फाफामऊ के कांग्रेसजनों, जिला अध्यक्ष अशफाक खान, मंजू मौर्य और उनकी पूरी टीम का भी आभार जताया।

सामाजिक न्याय सम्मेलन में पिछड़े वर्गों, वंचित समुदायों और समाज के कमजोर तबकों के अधिकारों, सम्मान तथा उचित प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर जोर दिया जा रहा है।

 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समानता, संवैधानिक अधिकारों तथा समावेशी राजनीति से जुड़े विषयों को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों के बीच आपसी एकजुटता और संगठनात्मक सक्रियता देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं का सहयोग सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


अन्य पोस्ट