सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर,24 अक्टूबर। उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था, अंबिकापुर, सरगुजा (छत्तीसगढ़) द्वारा पौधारोपण एवं वृक्ष संवर्धन अभियान अंतर्गत उदयपुर विकासखंड के सुदूर आदिवासी ग्राम पंचायत केदमा स्थित विद्युत सब स्टेशन परिसर में पिछले दिनों ‘पेड़ एक-जीवन अनेक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मूलचंद अग्रवाल, उप सरपंच केदमा, विशिष्ट अतिथि नागेश्वरी सिंह, जनपद सदस्य केदमा, गिरीश बहादुर सिंह वनपाल वन विभाग तथा मोहर साय लाइनमैन विद्युत विभाग थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष संतोष दास सरल ने की।
अतिथियों व हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं तथा ग्रामवासियों ने मिलकर 50 फलदार पौधों का रोपण किया तथा इन पेड़ों के संवर्धन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप सरपंच केदमा मूलचंद अग्रवाल ने संस्था के इस पहल की तारीफ करते हुए कहा कि उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था ने न केवल पौधारोपण का संकल्प लिया है बल्कि उन पौधों के संवर्धन का भी संकल्प लिया है, जो कि अत्यंत सराहनीय है।
विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य केदमा नागेश्वरी सिंह ने संस्था के पौधारोपण अभियान पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि संस्था ने इस अभियान के साथ स्कूली बच्चों को जोडक़र उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की अद्भुत पहल की है, संस्था को ढेरों शुभकामनाएं, आगे भी संस्था ऐसे ही जागरूकता अभियान चलाती रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था के अध्यक्ष संतोष दास सरल ने सहयोग के लिए अतिथियों सहित सभी का आभार व्यक्त करते हुए संस्था द्वारा आगे भी वृक्षारोपण को लेकर ‘पेड़ एक-जीवन अनेक’ अभियान लगातार चलाये जाने की बात कही।
इस अवसर पर गणमान्य ग्रामवासी वार्ड पंच मीना सिंह, वार्ड पंच बंधानौ बाई, वार्ड पंच बाल कुंवर, बसंत लाल, धर्मेंद्र सिंह, दीनानाथ यादव, मिथिलेश सिंह मरावी तथा शान्तनु दास सहित अन्य ग्रामवासी व स्कूली छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।