सरगुजा
सीतापुर, 24 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ, जिला सरगुजा इकाई ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग सरगुजा और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को 10 दिन का विशेष अर्जित अवकाश देने, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सीतापुर में लिपिकीय कर्मचारियों की पदस्थापना करने तथा शिक्षकों के लंबित विभागीय प्रकरणों का निराकरण करने की मांग शामिल हंै। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निपटारा, वर्ष 2023 में पदस्थ शिक्षकों एवं सहायक शिक्षकों के नियमितीकरण आदेश जारी करने तथा प्राथमिक शालाओं में विद्यार्थियों को वितरित चने की लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की गई। संघ ने जिला स्तरीय शिक्षा परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष सीपी सोनी, जिला सचिव उमेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष विश्वास तिवारी, उपाध्यक्ष रॉबेनतुस लकड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित शोभित दास, राम विचार यादव, वेद प्रकाश शर्मा, साकेत शर्मा, तरुण साहू, हीरालाल साहू, नागेश साहू, राज भगत, सत्य प्रताप उपस्थित रहे। संघ ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।