सरगुजा

डीके सोनी को भारत गौरव प्रतिभा रत्न सम्मान
23-Oct-2026 8:56 PM
डीके सोनी को भारत गौरव प्रतिभा रत्न सम्मान

 दिल्ली में उत्तराखंड के पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 23 अक्टूबर। जनहित, सामाजिक सरोकारों और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता डीके सोनी को ‘भारत गौरव प्रतिभा रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। चार अक्टूबर को नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में इंटरनेशनल अवॉर्ड काउंसिल द्वारा आयोजित समारोह में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभाशाली लोगों को शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, कला, मीडिया, नारी सशक्तिकरण और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

आयोजन का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को पहचान दिलाना तथा उनके कार्यों से दूसरों को प्रेरित करना था।

मुख्य अतिथि तीरथ सिंह रावत ने सम्मानित होने वाली विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को एक मंच पर सम्मानित करना प्रेरणादायक पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

डीके सोनी को जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, सूचना के अधिकार के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए नागरिकों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय रहने के लिए सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान को उनके सामाजिक और जनहितकारी कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तनवीर जफर अली ने की। इस अवसर पर एम्स नई दिल्ली की रिसर्च साइंटिस्ट डॉ. स्वर्णलता पांचाल और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मुकेश कुमार त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हैं।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। डीके सोनी को मिले इस सम्मान से सरगुजा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। यह सम्मान जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय लोगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट