सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अक्टूबर। सरगुजा जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलसिला स्थित मां कुदरगढ़ी मिनरल रिफाइनरी फैक्ट्री की मजदूर कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में कार्यरत श्रमिकों के बीच हडक़ंप मच गया। युवक ने किन कारणों से यह कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
मृतक की पहचान अभिमन्यु शाह पिता संपत शाह, निवासी ग्राम भेखपूर्वा, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई है। वह मां कुदरगढ़ी मिनरल रिफाइनरी फैक्ट्री में हेल्पर के पद पर कार्यरत था और फैक्ट्री परिसर स्थित मजदूर कॉलोनी के एक कमरे में रहता था।
जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को अभिमन्यु ने दोपहर करीब एक बजे तक ड्यूटी की थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। दोपहर दो बजे से उसे दोबारा ड्यूटी पर जाना था, लेकिन वह निर्धारित समय पर काम पर नहीं पहुंचा। शाम करीब पांच बजे उसके साथ काम करने वाला एक कर्मचारी उसे देखने कमरे पर पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने इसकी जानकारी फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों को दी। इसके बाद कर्मचारियों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर अभिमन्यु गमछे के सहारे फांसी पर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर एंबुलेंस से अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से फैक्ट्री परिसर में शोक का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।