सरगुजा
भाजपा नेता की शिकायत पर जांच के बाद हुई कार्रवाई, 3.46 हेक्टेयर की रजिस्ट्री का मामला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 23 अक्टूबर। सरगुजा जिले के मैनपाट तहसील अंतर्गत ग्राम केसरा में 3.46 हेक्टेयर शासकीय भूमि के राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना कर उसे निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराने के मामले में कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया है। तहसीलदार मैनपाट के जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने आजाद इराकी सहित कुल पांच क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर)दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व अभिलेखों में की गई अवैध प्रविष्टि को विलोपित करने के लिए भी संबंधित राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया गया है।
ग्राम केसरा स्थित खसरा नंबर 1378, रकबा 3.46 हेक्टेयर शासकीय भूमि को राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना के जरिए निजी भूमि के रूप में दर्ज कराए जाने और बाद में उसकी रजिस्ट्री अन्य व्यक्तियों के नाम किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले को समय-सीमा में दर्ज कर कलेक्टर ने तहसीलदार मैनपाट से जांच प्रतिवेदन तलब किया था।
जांच में सामने आया कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में अंतिम खसरा नंबर 650 था। ऐसे में उस अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि होने का सवाल नहीं उठता। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, खसरा नंबर 1378 पुनर्नंबरीकरण (रिनंबरिंग) के बाद अस्तित्व में आया और पहली बार वर्ष 1995-96 के राजस्व दस्तावेजों में दर्ज हुआ। इसके बावजूद वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि कथित रूप से कूटरचना कर विजय सिंह पिता चंद्रचरण सिंह के नाम दर्ज की गई।
इसके बाद विजय सिंह के मुख्तार आम दिलीप चिकवा पिता रामप्रसाद चिरवा तथा तुलेश्वर गुप्ता पिता गणेश गुप्ता के माध्यम से उक्त भूमि की रजिस्ट्री आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी और अनुपम कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह के नाम किए जाने की जानकारी सामने आई है।
1995-96 के अभिलेख में भी शासकीय भूमि दर्ज
जांच में यह भी पाया गया कि बंदोबस्त वर्ष 1995-96 के राजस्व अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की भूमि छोटे झाड़ जंगल मद में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज थी। इससे वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में उक्त खसरा नंबर को निजी भूमि के रूप में दर्ज किए जाने की प्रविष्टि की प्रामाणिकता पर सवाल उठे हैं।
प्रशासन के अनुसार, वन भूमि के हस्तांतरण के संबंध में वन संरक्षण अधिनियम, 1980 और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन अनिवार्य है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने आजाद इराकी, निवासी जयनगर, सहित कुल पांच क्रेता-विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राजस्व अभिलेखों में दर्ज अवैध प्रविष्टि को हटाने की कार्रवाई करने को भी कहा गया है।
गौरतलब है कि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक दुबे ने कुछ दिन पूर्व इस मामले में दस्तावेजी प्रमाणों के साथ सरगुजा कलेक्टर से शिकायत की थी। शिकायत में ग्राम केसरा की शासकीय भूमि को राजस्व अभिलेखों में कथित कूटरचना के जरिए निजी नाम पर दर्ज कराने और उसकी रजिस्ट्री किए जाने का मुद्दा उठाया गया था। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई, जिसमें सामने आए तथ्यों के आधार पर कलेक्टर ने प्राथमिकी दर्ज कराने और राजस्व अभिलेखों में अवैध प्रविष्टि हटाने के निर्देश जारी किए हैं।