सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 अक्टूबर। घरेलू बात को लेकर हुए विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और मृतका की टूटी हुई चूडिय़ां जब्त की हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को आरोपी आलोक गिरी (36 वर्ष), निवासी केपी बाबापारा, ग्राम केपी, थाना अंबिकापुर, का अपनी पत्नी मानमति से घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे के पाइप और लकड़ी के सूखे डंडे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण मानमति की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के संबंध में मालती देवी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 737/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रार्थिया सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। संदेह के आधार पर आरोपी आलोक गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और मौके से मृतका की टूटी हुई चूडिय़ां जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।