सरगुजा
पीडि़ता के गर्भवती होने पर दर्ज हुआ मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 अक्टूबर। शादी का झांसा देकर युवती से लगातार रेप करने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने जशपुर जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़ता ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहोरा निवासी डेविड खलखो (23) ने उसे शादी का झांसा देकर 14 फरवरी से 20 जून 2026 के बीच लगातार रेप किया। इस दौरान पीडि़ता गर्भवती हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 534/26 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
जांच के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर, महिला आरक्षक तेजश्वरी राजवाड़े तथा आरक्षक मदन साय पैकरा, आनंद प्रकाश केरकेट्टा और कुंदन पांडेय की सक्रिय भूमिका रही।