सरगुजा

अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस की लेटलतीफी पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
22-Oct-2026 8:36 PM
अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस की लेटलतीफी पर कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अक्टूबर। अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस के लगातार विलंब से चलने और सरगुजा संभाग में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने ट्रेन का समयपालन सुनिश्चित करने, नई रेल सेवाएं शुरू करने और लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग की है। साथ ही समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पाठक ने पत्र में कहा कि अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस पिछले छह-सात महीनों से दोनों दिशाओं में प्रतिदिन तीन से चार घंटे विलंब से चल रही है। इससे यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि अंबिकापुर-अनूपपुर रेलखंड पर निजी कोयला कंपनी के रैक को प्राथमिकता देने और समय-सारणी में बदलाव से यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने अंबिकापुर-निजामुद्दीन ट्रेन को सप्ताह में दो दिन के बजाय नियमित चलाने तथा अंबिकापुर से नागपुर या इतवारी तक नई ट्रेन शुरू करने की मांग की। इसके अलावा अंबिकापुर-बरवाडीह, अंबिकापुर-गढ़वा, अंबिकापुर-रेणुकूट, अंबिकापुर-कोरबा और अंबिकापुर-झारसुगुड़ा रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम करने का आग्रह किया।

पत्र में अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार, प्लेटफॉर्म पर छत निर्माण और वाशिंग पिट का काम जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई गई है। पाठक ने कहा कि रेल सुविधाओं में सुधार नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।


अन्य पोस्ट