सरगुजा
यात्रियों ने रेलवे अफसरों को बताए सुझाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 अक्टूबर। रेलवे के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत गुरुवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में स्वच्छता, सतत विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। साथ ही यात्रियों से उनकी समस्याओं, सुझावों और प्रतिक्रियाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान ट्रेनों की लेटलतीफी, अंबिकापुर-रेणुकूट रेल लाइन का विस्तार, अंबिकापुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन और स्टेशन परिसर में सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बिलासपुर मुख्यालय से पहुंचे रेलवे के डिप्टी सीपीओ आर. शंकर और एपीओ लोकेश गौतम की मौजूदगी में आयोजित संवाद में यात्रियों ने अतिरिक्त पहुंच मार्ग बनाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण की मांग भी रखी।
ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान
जोनल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य मुकेश तिवारी ने कहा कि वर्तमान में यात्रियों की सबसे बड़ी समस्या ट्रेनों का विलंब से चलना है। इससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी होती है और उनकी आगे की योजनाएं भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि करीब 24,200 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व देने वाले बिलासपुर रेल मंडल में यात्री ट्रेनों के समयपालन की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि अंबिकापुर स्टेशन पर वाशिंग पिट, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज का काम वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। इन कार्यों के पूरा होने से यात्रियों को महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने डिजिटल कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने का स्वीकृत कार्य भी जल्द शुरू करने की मांग की। इसके अलावा अंबिकापुर से सूरजपुर रोड तक रेल लाइन के दोहरीकरण, स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पहुंच मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर जोर दिया।
उन्होंने पार्किंग शुल्क को निर्धारित दरों के साथ सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की आवश्यकता भी बताई।
रेणुकूट और रायपुर तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग
भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने अंबिकापुर और रायपुर के बीच इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग करते हुए रेल प्रशासन से इस दिशा में प्रभावी पहल करने की बात कही। उन्होंने स्टेशन के भीतरी हिस्से में भी पौधों के गमलों को व्यवस्थित कर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने का सुझाव दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता मंगल पांडे ने कहा कि रेल जनसंवाद जैसे कार्यक्रमों से जनभागीदारी और सामुदायिक भावना को मजबूती मिलती है। उन्होंने सरगुजा अंचल के विकास के लिए अंबिकापुर-रेणुकूट रेल लाइन का विस्तार करते हुए वाराणसी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने पर जोर दिया। वहीं, ट्रेड यूनियन नेता सुजान बिन्द ने भटगांव से रेणुकूट और परसा केते से कटघोरा तक रेल लाइन निर्माण को क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताया।
सुझावों के आधार पर समस्याओं के समाधान का प्रयास
रेलवे के डिप्टी सीपीओ आर. शंकर ने कहा कि इस पहल से जमीनी स्तर पर यात्रियों की जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने में मदद मिलेगी। प्राप्त सुझावों के आधार पर संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाए जा सकेंगे।
इंजीनियर मनोज गुप्ता ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यों से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम को एपीओ लोकेश गौतम, मुख्य स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार सिंह और वाणिज्य निरीक्षक टीआर लहरे ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। कई यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। इसके साथ ही जनभागीदारी के माध्यम से स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।