सरगुजा

80 फीट के रावण का दहन, आतिशबाजी के दौरान मंच पर लगी आग
21-Oct-2026 8:24 PM
80 फीट के रावण का दहन, आतिशबाजी के दौरान मंच पर लगी आग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 अक्टूबर। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और शैला नृत्य के साथ निकली शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। पीजी कॉलेज मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण और 60-60 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इसे देखने हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। हालांकि, आतिशबाजी के दौरान एक पटाखा मंच के ऊपर फटने से आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

शोभायात्रा भजन आश्रम स्थित राम मंदिर से प्रारंभ होकर सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, होटल पिक्चर, गांधी चौक और अंबेडकर चौक होते हुए पीजी कॉलेज मैदान पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भगवान श्रीराम दरबार का स्वागत किया। मैदान में लेजर लाइट और ध्वनि के माध्यम से रामायण का संक्षिप्त चित्रण प्रस्तुत किया गया। इसके बाद भक्तिमय संगीत संध्या और आतिशबाजी के बीच रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

मर्यादा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश

कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। सरगुजा में इस तरह का आयोजन समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है।

 समिति भविष्य में भी संस्कृति और धर्म के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन करती रहेगी। उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी और अन्य वक्ताओं ने आयोजन को सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया।

कलेक्टर ने आयोजन के शांतिपूर्ण संचालन को प्रशासन और नागरिकों के समन्वय का परिणाम बताया। आईजी और एसपी ने भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों के सहयोग की सराहना की तथा बुराइयों का त्याग कर समाज में सद्भाव स्थापित करने का संदेश दिया।

आयोजन में नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, भारत सिंह सिसोदिया, अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह, विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, मधुसूदन शुक्ला, राहुल त्रिपाठी सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। मातृशक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजन की जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष कुमार त्रिपाठी ने दी।


अन्य पोस्ट