सरगुजा

माउंट लिटेरा जी स्कूल में सजी माता की चौकी
18-Oct-2026 8:41 PM
माउंट लिटेरा जी स्कूल में सजी माता की चौकी

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिखाई भारतीय परंपराओं की झलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 अक्टूबर। नवरात्रि पर माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, अंबिकापुर में माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और समृद्ध परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भगवान श्रीगणेश की वंदना और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेखराज अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया और संजयनगर की सरपंच सुमारी कुमारी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में कमला सिंह सिसोदिया, छगन कुमार गुप्ता, वीणा सिंह सिसोदिया, देव सिंह सिसोदिया और नेपाल सम्मादार सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता और प्रतीक दीक्षित सहित अकादमिक निदेशक डॉ. बृजेश पांडे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नवदुर्गा एक्ट, मनमोहक नृत्य, भक्तिमय गीत-भजन और पारंपरिक गोंधल नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। रावण दहन से संबंधित विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

अतिथियों ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने, परिश्रम करने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के माध्यम से शक्ति, साहस, धैर्य और आत्मविश्वास के महत्व को भी रेखांकित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि माता की चौकी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान, नारी शक्ति के महत्व की समझ, अनुशासन, एकता और सामूहिक सहभागिता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्यक्रम प्रभारी आयुष सोनी, प्राची त्रिपाठी, प्राची राय, मुक्ति जायसवाल, जय प्रकाश विश्वास सहित पूरी आयोजन टीम के प्रयासों की सराहना की।

माता की चौकी का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, नारी शक्ति के सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण का सुंदर उदाहरण बना। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जुडऩे और सकारात्मक मूल्यों के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी।


अन्य पोस्ट