सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,17 अक्टूबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केंद्र नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के छठवें दिन व्यसनमुक्ति और आंतरिक शुद्धता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और आरती के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं नवभारत के पूर्व ब्यूरो प्रमुख सुधीर पाण्डेय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि में उपवास करने के साथ ही व्यसनों से दूर रहने का संकल्प भी लेना चाहिए। प्रत्येक दिन और हर समय स्वयं को व्यसनमुक्त रखते हुए शुद्ध एवं पवित्र जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
कुलपति डॉ. राजेंद्र लाकपाले ने कहा कि नवरात्रि का वास्तविक संदेश अपने भीतर के विकारों को दूर कर सद्गुणों और अच्छी आदतों को अपनाना है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार सुधीर पाण्डेय ने कहा कि अध्यात्म और योग का उचित संगम नारी को सशक्त बनाता है। शक्ति स्वरूपा देवियों के माध्यम से नारी शक्ति का अद्भुत स्वरूप देखने को मिलता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों के आध्यात्मिक कार्यों और चैतन्य देवियों की झांकी की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मीना वर्मा एवं उनकी टीम ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। ट्विंकल और मान्या के नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर अतिथियों, ब्रह्माकुमारी बहनों और नव बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान की टीम ने उपस्थित लोगों को व्यसनमुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम में शारदा अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, मीना वर्मा, प्रज्ञा पाण्डेय, आयुषी मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय, अनिल कुमार मिश्रा और सेवा केंद्र संचालिका बीके विद्या दीदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।