सरगुजा

6 लाख के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त, आरोपी बंदी
11-Oct-2026 9:34 PM
6 लाख के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/सीतापुर, 11 अक्टूबर। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता की टीम ने करीब छह लाख रुपये के नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप जब्त किए हैं। मामले में सीतापुर निवासी संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धारा 21(बी) और 22(सी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम तपेश्वरी गौड़ा मैदान पहुंची, जहां एक व्यक्ति बोरी लेकर खड़ा दिखाई दिया। सरकारी वाहन को देखते ही वह भागने लगा। मौके पर मौजूद नगर सैनिक ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय विश्वकर्मा बताया। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टैबलेट और कफ सिरप बरामद हुए। आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त नशीले पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब छह लाख रुपये है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि जब्त सामग्री सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता की है। वह उसके साथ कारोबार करता है और अनमोल गुप्ता के लिए झारखंड के गढ़वा से नशीले पदार्थ लेकर आता है। आबकारी विभाग आरोपी के इस कथन के आधार पर मामले की आगे जांच कर रहा है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सूखे नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है। सीतापुर क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इस कार्रवाई को अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पूरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई।


अन्य पोस्ट