सरगुजा

मोटर पंप चोरी में फरार आरोपी बंदी
11-Oct-2026 9:34 PM
मोटर पंप चोरी में फरार आरोपी बंदी

लुंड्रा,11 अक्टूबर। खेत से मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को लुंड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लालू यादव ग्राम तुरियाबीरा, थाना लुंड्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का एक मोटर पंप और एक सेट सबमर्सिबल पंप बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगा सबमर्सिबल मोटर पंप कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए सत्यनारायण नामक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल और पंप के साथ पकड़ा था। इस दौरान उसका साथी मौके से फरार हो गया था, जिसकी पहचान लालू यादव के रूप में हुई थी।

 इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी लालू यादव अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी सत्यनारायण के साथ मिलकर मोटर पंप और समरसिबल पंप चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखा गया एक मोटर पंप और एक सेट समरसिबल पंप बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।


अन्य पोस्ट