सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,10 सितंबर। शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं विजन समाजसेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में लगभग 500 छात्राओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘जीवन अनमोल है’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मानसिक अवसाद, आत्महत्या की रोकथाम, मोबाइल के सदुपयोग, सोशल मीडिया पर सुरक्षा और माता-पिता के प्रति भावनात्मक जुड़ाव जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।
अभियान की संयोजक शिल्पा पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में किशोरों और युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। बच्चों को अपनी परेशानियां माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता के त्याग और संस्कारों को समझने वाला तथा गुरुजनों को अपना हितैषी मानने वाला बच्चा कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है। मोबाइल का जरूरत के अनुसार उपयोग करना और गलत संगति से बचना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें, संपर्क नंबर और घर का पता साझा करने से भी सावधान किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सरगुजा संभाग संचालिका बीके राजयोगिनी विद्या दीदी ने की। उन्होंने कहा कि संस्कार जीवन की दिशा तय करते हैं, जबकि चरित्र व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। मानसिक रूप से मजबूत व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों का सामना कर सकता है। स्वच्छता समिति की अध्यक्ष शशिकला सिंह ने छात्राओं को हर परिस्थिति में हौसला बनाए रखने का संदेश दिया।
मेडिकल कॉलेज की डॉ. शारदा भगत ने संतुलित आहार, हीमोग्लोबिन की नियमित जांच और स्वस्थ शरीर के महत्व पर प्रकाश डाला। काउंसलर अंजुला मिश्रा ने मानसिक परेशानी होने पर अपनों से बात करने और जरूरत पडऩे पर मनोवैज्ञानिक की सहायता लेने की सलाह दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. एजेन टोप्पो ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन आशा गोयल ने किया। विजन संस्था की स्वयंसेवक संगीता सिंह ने छात्राओं को संस्था की सहायता हेल्पलाइन की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि शिल्पा पाण्डेय को वर्ष 2025 में बच्चों एवं महिलाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य सरकार द्वारा माता बहादुर कलारिन सम्मान से सम्मानित किया गया था।