सरगुजा
अंबिकापुर, 9 अक्टूबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शराब के नशे में वाहन चलाने वाले तीन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय ने तीनों चालकों को दोषी पाते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 ईबी 1304 के चालक संतोष कुशवाहा (27 वर्ष), निवासी जमगला, थाना लखनपुर को रोककर जांच की गई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
इसी तरह दूसरे मामले में कार क्रमांक सीजी 15 बी 6744 के चालक चिरंजीवी चक्रवर्ती (32 वर्ष), निवासी नर्मदापारा, थाना गांधीनगर को जांच के लिए रोका गया। जांच में उसके भी शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
तीसरे मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 ईएफ 9996 के चालक दिनेश कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी थाना लखनपुर क्षेत्र को जांच के दौरान पकड़ा गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उसके भी शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
न्यायालय में पेश किए गए तीनों मामले
तीनों चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ सडक़ पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।