सरगुजा

कांग्रेस नेता ने अंबिकापुर की बदहाल सडक़ों और उड़ती धूल को लेकर कसा तंज
09-Oct-2026 8:25 PM
कांग्रेस नेता ने अंबिकापुर की बदहाल सडक़ों और उड़ती धूल को लेकर कसा तंज

 नियमित सफाई और धूल पर नियंत्रण की मांग उठाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,9 अक्टूबर। शहर की बदहाल सडक़ों, जगह-जगह बने गड्ढों और उड़ती धूल को लेकर कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का शहर की सडक़ों, पुल-पुलियों और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करना अच्छी बात है, लेकिन इससे परेशान नागरिकों को राहत कब मिलेगी? उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, सडक़ मत बनाइए साहब, कम से कम झाड़ू ही लगवा दीजिए, ताकि लोगों को उड़ती धूल से राहत मिल सके।

परवेज आलम गांधी ने कहा कि अंबिकापुर की सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जगह-जगह जमा पानी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, सडक़ों पर उड़ती धूल ने नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में शहरवासियों को तत्काल राहत देने के लिए नियमित सफाई और धूल पर नियंत्रण के उपाय किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि शहर की सडक़ों का निर्माण कब होगा, गड्ढों की मरम्मत कब की जाएगी और बदहाल व्यवस्था में सुधार कब आएगा, यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, सडक़ निर्माण में समय लग सकता है, लेकिन नियमित सफाई और धूल नियंत्रण जैसे उपायों से लोगों को फिलहाल राहत दी जा सकती है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर की समस्याओं का निरीक्षण तभी सार्थक होगा, जब उसके बाद धरातल पर सुधार दिखाई दे।

केवल निरीक्षण और आश्वासन से नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। शहरवासियों को बदहाल सडक़ों, गंदगी और उड़ती धूल से वास्तविक राहत की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अंबिकापुर के नागरिकों को भी साफ-सुथरी सडक़ें और स्वच्छ हवा में सांस लेने का अधिकार है। प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से पहल करते हुए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट