सरगुजा

डीआईजी-एसएसपी ने ली जनरल परेड की सलामी, अनुशासन और टर्नआउट का किया निरीक्षण
09-Oct-2026 8:25 PM
डीआईजी-एसएसपी ने ली जनरल परेड की सलामी, अनुशासन और टर्नआउट का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,9 अक्टूबर। सरगुजा जिले में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने ली। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर 183 पुलिस कर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और परेड में उनके प्रदर्शन की समीक्षा की।

परेड के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टोलीवार परेड कराई गई। इस दौरान बेहतर टर्नआउट और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित परेड से पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने के साथ शारीरिक फिटनेस और कार्यक्षमता में भी सुधार होता है।

पुलिस की छवि बेहतर बनाने पर जोर

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के बीच पुलिस की बेहतर छवि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ करें। थाने में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी चर्चा

रक्षित केंद्र में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण के लिए संचालित पुलिस यूनिट बैंक की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।  डीआईजी एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों को आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।

जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, अजाक उप पुलिस अधीक्षक सुरेश भगत, उप पुलिस अधीक्षक जेपी भारतेन्दु, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित कोतवाली थाना प्रभारी, प्रशिक्षु सूबेदार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न थाना-चौकियों एवं कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन में कुल 183 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।


अन्य पोस्ट