सरगुजा

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान: कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई ने निकाली संयुक्त रैली
08-Oct-2026 9:21 PM
वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान: कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई ने निकाली संयुक्त रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर। इंडिया गठबंधन के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के प्रथम चरण के तहत 8 अक्टूबर को कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई ने संयुक्त रूप से रैली निकाली। कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से शुरू हुई रैली विवेकानंद चौक पहुंची, जहां आमसभा का आयोजन किया गया। इसके बाद रैली गांधी प्रतिमा तक पहुंची और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाई गईं।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने निर्वाचन व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्र सरकार और भाजपा का रुख भी स्पष्ट होना चाहिए।

सीपीएम के कामरेड चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। सीपीआई प्रतिनिधि कामरेड अनिल द्विवेदी ने मौजूदा चुनाव प्रणाली को लेकर अपनी पार्टी की चिंताएं रखीं।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

गांधी चौक पर रैली के समापन से पहले संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत वयस्क मताधिकार के प्रावधान का पाठ किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। रैली में तीनों दलों के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कांग्रेस ने मनाया काला दिवस

इसी कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ‘काला दिवस’ भी मनाया। कांग्रेस ने 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसदों के निर्वाचन आयोग तक मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ता काला फीता बांधकर तथा बैनर-पोस्टर लेकर रैली में शामिल हुए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी न डरेगी और न रुकेगी।


अन्य पोस्ट