सरगुजा
लखनपुर,8 अक्टूबर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लखनपुर पुलिस ने एक युवक को 5.680 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 65 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोरता/गणेशपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बैग में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डी जेड 7547 से जा रहे संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मितेश राजवाड़े निवासी गोरता, थाना लखनपुर बताया। उसके पास रखे बैग की तलाशी लेने पर 5.680 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 68 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.65 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा स्थानीय स्तर से प्राप्त कर लाना बताया है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर थाना लखनपुर में अपराध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।