सरगुजा

स्कूटी चलाकर अंबिकापुर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले उप मुख्यमंत्री साव
08-Oct-2026 9:20 PM
स्कूटी चलाकर अंबिकापुर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले उप मुख्यमंत्री साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्वयं स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण करने के साथ सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का भी अवलोकन किया।

शहर भ्रमण के दौरान केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से जाना हाल

सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण करते हुए साव ने हितग्राहियों से बातचीत की। उन्होंने आवास में मिल रही सुविधाओं, समस्याओं और पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवंटित आवासों में हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय परिसर की साफ-सफाई, आवश्यक सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा।

डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर में उन्होंने कचरा संग्रहण, पृथक्करण एवं प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। साव ने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में करीब 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी पर जोर दिया।

जल्द शुरू होंगे सडक़ निर्माण व मरम्मत कार्य

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सडक़ निर्माण, मरम्मत सहित अन्य विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी आने से शहरवासियों को बेहतर सडक़ और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट